संगम तट से निकलेगी गौ, गंगा, जंगल, जमीन, जन जागरण यात्रा
- Admin Admin
- Dec 31, 2025
गौ, गंगा, जंगल, जमीन संरक्षण करना मानव का अधिकार : अश्वनी कुमार सिंह
प्रयागराज, 31 दिसम्बर (हि.स.)। माघ मेले के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा यानी 3 जनवरी को सुबह 9 बजे संगम तट से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, प्रयाग विकास परिषद एवं सामाजिक क्षमता संघ के संयुक्त तत्वावधान में गौ, गंगा, जल, जंगल, जमीन के संरक्षण के लिए विशाल जनजागरण यात्रा का शुभारम्भ गंगा पूजन आरती एवं गंगा में डुबकी लगाकर किया जाएगा। जिसमें भारत के कई क्षेत्रों से आने वाले साधु संत एवं पीठों के महंत और भाजपा के सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण और पार्टी के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे।
यह जानकारी भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा सर्किट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह पटेल ने दी। उन्होंने बताया कि जन जागरण यात्रा के पांच चरण होंगे। पहला चरण 3 जनवरी को गौ माता के लिए, 14 जनवरी को मां गंगा के लिए, 18 जनवरी को जंगल संरक्षण के लिए, 23 जनवरी को जल संरक्षण के लिए और 15 फरवरी को जमीन संरक्षण के लिए मां गंगा में संकल्प के साथ विशाल जन जागरण यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि गौ, गंगा जल, जंगल, जमीन भारत की प्राकृतिक धरोहर है। जिसका संरक्षण करना प्रत्येक मनुष्य की जिम्मेदारी और अधिकार है। लेकिन मनुष्य आज भूलता जा रहा है। इस जन जागरण यात्रा के माध्यम से समाज को जागृत करने की जिम्मेदारी हम सबको निभानी है। इस जनजागरण यात्रा में समाज को हर वर्ग को जोड़ा जाएगा और जहां भी कमी दिखाई पड़ेगी सरकार को अवगत कराया जाएगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने किया। इस अवसर पर महंत दिव्य प्रकाश, गीतानंद महाराज, रंगबली पटेल, अंगद सिंह, राजीव पटेल, नतेश्वर सिंह, अनिकेत जायसवाल, किशन चंद्र जायसवाल, शत्रुघ्न जायसवाल एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र



