हिसार : रोडवेज में तबादला नीति रद्द कर मांगों को शीघ्र लागू करें सरकार : शिवकुमार श्योराण
- Admin Admin
- Dec 25, 2025
रोडवेज कर्मचारियों ने भूख हड़ताल करके यातायात प्रबंधक प्रीतम सिवाच को सौंपा मांगों का ज्ञापन हिसार, 25 दिसंबर (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के अह्वान पर हिसार डिपो में रोडवेज कर्मचारियों ने भूख हड़ताल की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिपो प्रधान राजकुमार चौहान ने जबकि संचालन डिपो सचिव राम दिया ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व जिला प्रधान सुरेंद्र मान व राज्य उप महासचिव पवन शर्मा ने फूल-मालाएं पहना कर कर्मचारियों को भूख हड़ताल पर बैठाया।भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्य वरिष्ठ उप प्रधान शिवकुमार श्यौराण, राज्य उप महासचिव पवन शर्मा तथा राज्य कमेटी के नेता व डिपो प्रधान राजकुमार चौहान ने गुरुवार काे कहा कि सरकार निजीकरण पर रोक लगाकर विभाग में नई 10 हजार सरकारी बसें शामिल करें, सभी खाली पड़े पदों पर शीघ्र पक्की न भर्ती करें, नई पेंशन स्कीम को रद्द करके पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार व परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत में विभाग के कर्मचारियों की बनाई गई तबादला नीति खामियों पर यूनियन लिखित आपत्ति जताते हुए तबादला निती रद्द करने की मांग कर चुकी है। चालकों परिचालकों का आपसी स्थानांतरण किया जांऐ और कर्मचारियों को अपने गृह जिले में भेजा जाए। अगर फिर भी सरकार पॉलिसी लागू करना चाहती है तो रोडवेज कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे व आनलाइन तबादला नीति का डट कर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा सरकार अपने वायदे के अनुसार सभी खाली पदों पर प्रमोशन करें। इस मौके पर ब्लॉक प्रधान राजेश बागड़ी, सुरेंद्र चहल, गुलाब सिंह, सरवन सिंह, राजेश शर्मा, कुलदीप कनोह, रामगोपाल, सुनील, बुधराम फौजी, राजेश, धर्मवीर थुराना, सूरजमल पाबड़ा, हनुमान और महेंद्र माटा आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर



