संस्कृति उत्सव में मंडलीय कलाकारों ने की विभिन्न विधाओं में अलौकिक प्रस्तुति

मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित संस्कृति उत्सव में प्रस्तुति देतीं छात्राएं।।

मुरादाबाद, 20 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृति-हमारी पहचान के अंतर्गत “संस्कृति उत्सव 2025-26“ के अंतर्गत जिला प्रशासन, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को जनपदीय और मंडलीय दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में हुआ। इस कार्यक्रम में मुरादाबाद जनपद के कला प्रतिभाओं के साथ साथ मंडलीय कलाकारों द्वारा विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग किया गया।

उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक परम्परा प्राचीन काल से ही धर्म, दर्शन, कला, साहित्य एवं संगीत के क्षेत्र में सम्पूर्ण विश्व में अग्रणी रही है। यहां की सांस्कृतिक विरासत में कला एवं संगीत के क्षेत्र में गायन, वादन, नृत्य एवं लोकनाट्य की विभिन्न शैलियों के प्रमुख गुरूओं, आचार्यों एवं कलाविदों की महती भूमिका रही है। यह आयोजन में एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य, लोकगीत, बासुंरी वादन, तबला, सिंथेसाइजर, गिटार वादन, लोक नृत्य, नाटक, रामलीला मंचन आदि विधाओं में प्रतियोगिताएं हुई।

लोक नाट्य (रामलीला) में मंजरी लोक नाट्य कला संस्थान, समूह नृत्य में मानस खंड युवा वेलफेयर ग्रुप लोक संस्कृति मुरादाबाद, समूह गायन में जेआर अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज मुरादाबाद, एकल गायन में रुद्राक्ष शर्मा, एकल नृत्य में सोनी रावत जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहे।

समूह नृत्य में उड़ान आर्टिस्ट ग्रुप सम्भल, एकल नृत्य में सोनी रावत सम्भल, वाद्य में गिटार में दीपक कुमार बिजनौर, लोक नाटक रामलीला में मंजरी लोक नाट्य कला संस्था मुरादाबाद, एकल गायन में शिवानी सम्भल, समूह गायन में अंदाज ग्रुप बिजनौर, ब्रज लोक नृत्य में मानसखंड युवा वेलफेयर ग्रुप मंडलीय प्रतियोगिता के विजेता रहे।

निर्णायक मंडल में आदर्श भटनागर वरिष्ठ संगीतज्ञ, प्रतिमा शर्मा संगीत शिक्षिका, डॉ नेहा त्रिपाठी संगीत शिक्षिका, डॉ पंकज दर्पण, वरिष्ठ रंगकर्मी उपस्थित रहे।

आयोजन सहयोगी के रूप में डॉ. काव्य सौरभ जैमिनी, डॉ पवन जैन, डॉ रेणुका जोएल, बबीता महरोत्रा उपस्थित रही। आयोजन समिति में प्रदीप कुमार टम्टा, सचिव जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद मुरादाबाद के द्वारा समस्त प्रतिभागी कलाकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल