रामकृष्ण वेदांत आश्रम के संन्यासी को एसआइआर सुनवाई का नोटिस
- Admin Admin
- Dec 30, 2025
सिलीगुड़ी, 30 दिसंबर (हि. स.)। शहर के प्रधाननगर स्थित रामकृष्ण वेदांत आश्रम के एक संन्यासी को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) सुनवाई का नोटिस भेजे जाने से चर्चा शुरू हो गई है। यह नोटिस माता-पिता के नाम से जुड़े दस्तावेजों को लेकर जारी किया गया है।
रामकृष्ण वेदांत आश्रम के रघुनंदन महाराज रामकृष्ण मठ से दीक्षित संन्यासी हैं। उन्होंने मंगलवार को बताया कि संन्यास दीक्षा के बाद जैविक माता-पिता का नाम प्रयोग नहीं किया जाता है। संन्यास परंपरा के अनुसार पिता के रूप में रामकृष्ण देव और माता के रूप में मां शारदा का नाम दर्ज किया जाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास भारत सरकार द्वारा जारी पासपोर्ट है, जिसमें माता-पिता का नाम इसी परंपरा के अनुसार दर्ज है।
इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस नेता वेदव्रत दत्त ने कहा कि जो दल हिंदू धर्म की रक्षा के बड़े दावे करता है, उसके शासन में आज संन्यासियों की पहचान पर भी एसआइआर के नाम पर सवाल उठाए जा रहे है।
वहीं, भाजपा की सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिला आईटी सेल के प्रभारी दीपंकर कुंडू ने कहा कि एसआइआर एक निर्धारित और सामान्य प्रक्रिया है। केवल एक संन्यासी ही नहीं, बल्कि जिन-जिन लोगों को नोटिस मिला है, सभी को दस्तावेज़ सत्यापन कराना होगा। उन्होंने कहा कि नियम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर भी समान रूप से लागू होते है। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल कथित बांग्लादेशी वोट बैंक को बचाने के लिए इस मुद्दे को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार



