किश्तवाड़ नाबालिग छात्रा की मौत के मामले में SIT गठित, शिक्षक और उसका भाई गिरफ्तार
- Editor Chief
- Aug 22, 2026
किश्तवाड़, 22 अगस्त। किश्तवाड़ जिले के चत्रू क्षेत्र में नाबालिग छात्रा की मौत के मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। मामले में सरकारी स्कूल के शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक खालिद अहमद शेख और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि शिक्षक ने नाबालिग छात्रा का कथित रूप से यौन उत्पीड़न किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। बाद में कथित तौर पर गर्भपात कराने के प्रयास के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने चत्रू थाने में FIR संख्या 34/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत जांच शुरू की है। गठित SIT मामले से जुड़े सभी पहलुओं, गर्भपात के कथित प्रयास और इसमें अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच करेगी। शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। घटना के बाद चत्रू, मुगल मैदान तथा किश्तवाड़ के अन्य क्षेत्रों में लोगों ने प्रदर्शन किया। चत्रू क्षेत्र में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के साथ सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की पहचान कानून के प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।

