सिलीगुड़ी नगर निगम के 75 वर्ष और स्वामी विवेकानंद जयंती पर भव्य शोभायात्रा
- Admin Admin
- Jan 12, 2026
सिलीगुड़ी,12 जनवरी (हि.स)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 75वें स्थापना दिवस और स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को सिलीगुड़ी शहर में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सुबह से ही पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
शोभायात्रा की शुरुआत बाघाजतीन पार्क से हुई, जो हिलकार्ट रोड होते हुए विवेकानंद मोड़, यानी झंकार मोड़ तक पहुंची। इस शोभायात्रा में सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव, सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सी. सुधाकर, रामकृष्ण मिशन के संतों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इस शोभायात्रा में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने स्वामी विवेकानंद की तस्वीरें, बैनर और प्लेकार्ड हाथों में लेकर पूरे शहर को उत्सवमय वातावरण से भर दिया।
शोभायात्रा के समापन पर विवेकानंद मोड़ पर स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संक्षिप्त संबोधन में मेयर गौतम देव ने कहा, स्वामी विवेकानंद के आदर्श और दर्शन आज भी युवा समाज को प्रेरणा देते हैं और सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा शहर के समग्र विकास और प्रगति की साक्षी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार



