मंडी के नवीन ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल का नाम किया रोशन

मंडी, 10 जनवरी (हि.स.)। चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के गांव हवाणू, डाकघर ट्रोह, तहसील बल्ह निवासी नवीन कुमार गुज्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के अनुभवी पहलवानों को पराजित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। नवीन कुमार वर्तमान में सीआरएफ में कार्यरत हैं और बचपन से ही कुश्ती के प्रति गहरी रुचि रखते थे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर अभ्यास और समर्पण के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

नवीन कुमार ने 2025 में सर्बिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय ओपन कुश्ती प्रतियोगिता में 70 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया और राष्ट्रीय स्तर पर रांची राष्ट्रीय चैम्पियनशिप, सीनियर फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक, 2024 में यू-23 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक तथा मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में विशेष प्रदर्शन किया। इसके अलावा 2023 में सीनियर विश्व चैंपियनशिप ट्रायल कांस्य पदक और मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि मेला, 2022 में राष्ट्रीय खेल गांधीनगर कांस्य पदक तथा जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पटना में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपने प्रदेश का नाम रोशन किया।

अपनी इस उपलब्धि के बारे में नवीन कुमार ने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता, दादा रत्न चंद गुज्जर, गांधी राम गुज्जर, ग्राम वासियों और उनके गुरुजी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के बिना संभव नहीं थी। नवीन कुमार की मेहनत और संघर्ष हिमाचल प्रदेश, खासकर मंडी जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका कहना है कि लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। इस स्वर्ण जीत से पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी और उत्साह का माहौल है, और युवाओं के बीच कुश्ती जैसी खेलों में रुचि बढ़ाने का संदेश गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा