सकीना इट्टू ने कुलगाम में बागों को हुए नुकसान का लिया जायजा

जम्मू। सामाजिक कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने मंगलवार को कुलगाम के विभिन्न गांवों का दौरा कर प्रतिकूल मौसम के कारण बागों और फलदार फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने हरवैत, निहामा, समनू, गोपालपोरा, लखदीपोरा, तेंगाम, बाथीपोरा और चोगलपोरा समेत प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया तथा फल उत्पादकों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली।
इस दौरान किसानों ने मंत्री को ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फसलों को हुए नुकसान, पत्तियां झडऩे और फलदार पेड़ों को पहुंची क्षति से अवगत कराया। उपायुक्त कुलगाम शहजाद आलम ने जिले के विभिन्न हिस्सों में हुए नुकसान और प्रशासन की ओर से किए जा रहे आकलन की जानकारी दी। मुख्य बागवानी अधिकारी मोहम्मद रमजान वार ने बताया कि नुकसान का प्रारंभिक आकलन संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है, जबकि गांववार और असम-ए-वार विवरण तैयार किया जा रहा है।
सकीना इट्टू ने प्रभावित बागवानों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि बागवानी कश्मीर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार प्रभावित किसानों की परेशानियों से अवगत है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को निर्धारित नियमों के तहत राहत उपलब्ध कराने का मामला उचित स्तर पर उठाया गया है। उन्होंने किसानों से ओलावृष्टि से बचाव के लिए एंटी-हेल नेट अपनाने की अपील की। मुख्य बागवानी अधिकारी ने बताया कि सरकार एचएडीपी और अन्य योजनाओं के तहत एंटी-हेल नेट पर पर्याप्त सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। बाद में मंत्री ने पीएचसी निहामा में 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित 30 केवीए जेनसेट, 20 बिस्तरों वाले इनपेशेंट वार्ड और सीबीसी एनालाइजर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पीएचसी और सीएचसी के बुनियादी ढांचे, मानव संसाधन और जांच सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
इस बीच, मंत्री ने राजकीय डिग्री कॉलेज डी.एच. पोरा का दौरा कर किशोरियों को 500 डिग्निटी किट वितरित कीं। किट में मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी सामग्री, स्वास्थ्य शिक्षा सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।