बाबा साहब, डॉ.लोहिया और नेताजी की राह पर चलकर समाज में लाएंगे खुशहाली : अखिलेश यादव
- Admin Admin
- Jan 01, 2026
लखनऊ, 01 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से नव वर्ष के अवसर पर गुरुवार को बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं, पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों, पत्रकारों और विभिन्न समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों तथा अल्पसंख्यक भाईयों ने प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम संकल्प लेते हैं कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलेंगे और देश समाज को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का काम करेंगे। नए वर्ष में सभी को नई ऊर्जा और संकल्प के साथ मिलकर रहना और काम करना है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में भाजपा की नकारात्मक सरकार को हटाना है। सत्ता से बाहर करना है। इस सरकार में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता त्रस्त है। 2027 में भाजपा सरकार का हटना तय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कमजोर हो चुकी है। भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था का सत्यानाश कर दिया है। साइबर क्राइम और फ्राड लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा ने डायल 100 और 1090 सेवा को खराब कर दिया। शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी है। भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश के जिलों-जिलों में गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा हो रहे है। ये लोग अरावली पहाड़ को भी नहीं छोड़ना चाहते है। इनकी नीयत अरावली पर कब्जे और लूट की है। भाजपा पहाड़ को भी खा लेना चाहती है।
बाद में अखिलेश यादव ने पत्रकाराें से कहा कि भाजपा सरकार पीडीए को आरक्षण नहीं देना चाहती। नौकरियों की लूट मची है। इस सरकार ने पीडीए की 30 हजार नौकरियां छीन लीं। भाजपा पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) विरोधी है। पीडीए को संविधान में दिया गया अधिकार नहीं दे रही है। पीडीए का आरक्षण छीन रही है। पीडीए वैकल्पिक सामाजिक ताकत है जो पीडीए के खिलाफ है वे संविधान के खिलाफ है। हक और सम्मान के खिलाफ है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा धोखेबाज पार्टी है। हर वर्ग को धोखा देती है। भाजपा बाटी-चोखा की भी जांच कर रही है। समाजवादी पार्टी में सब मिलजुलकर बाटी चोखा खाते हैं। यहां सबका सम्मान है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद आरके चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री बलराम यादव एवं अम्बिका चौधरी तथा अन्य प्रमुख नेतागण आदि भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा



