आर्मी पब्लिक स्कूल अखनूर के द्वितीय अधिकारी संदीप केरनी को ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित

जम्मू। आर्मी पब्लिक स्कूल, अखनूर में द्वितीय अधिकारी के रूप में तैनात संदीप केरनी, जो 2 जे एंड के बटालियन, नानक नगर, जम्मू के अंतर्गत सेवाएं दे रहे हैं, को उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण एवं कार्यकुशलता के लिए ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, कटरा में आयोजित एएनओ कॉन्क्लेव के दौरान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख डायरेक्टरेट के अपर महानिदेशक मेजर जनरल अनुपिंदर बेवली तथा श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, कटरा के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) प्रगति कुमार ने संयुक्त रूप से संदीप केरनी को ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ प्रदान किया।  संदीप केरनी वर्तमान में आर्मी पब्लिक स्कूल, अखनूर में द्वितीय अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 2 जे एंड के बटालियन, नानक नगर, जम्मू के अंतर्गत एएनओ के रूप में उनके कार्य, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर आर्मी पब्लिक स्कूल, अखनूर के अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने संदीप केरनी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके इस सम्मान को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा गया कि ऐसी उपलब्धियां अन्य अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करती हैं।