वन विहार कार्यक्रम में संस्कार भारती ने दिया पारिवारिक-सांस्कृतिक एकता का संदेश
- Admin Admin
- Jan 05, 2026
नई दिल्ली, 05 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के पल्ला गांव में संस्कार भारती ने सोमवार को 'वन विहार' कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें दिल्ली प्रांत के अनेक परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारतीय कला एवं राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण हेतु कार्यरत संस्था संस्कार भारती ने इस कार्यक्रम के माध्यम से सांस्कृतिक समृद्धि, परिवार प्रबोधन और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संजय प्रभाकर के ध्येय गीत एवं भजन प्रस्तुति से हुआ। गायन और कथक नृत्य द्वारा बाल प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। इसके बाद साहित्य कला परिषद, संस्कृति मंत्रालय, दिल्ली के कलाकारों ने मनोहारी प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर बच्चो में भारतीय संस्कृति एवं परिवेश के विषय के सन्दर्भ एवं जानकारी बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गयी जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं की सामूहिक प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति की महत्ता को प्रभावी रूप से उजागर किया। हास्य कवि दीपक सैनी ने अपनी रचनाओं से सभी को खूब आनंदित किया।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण के रूप में उत्तर क्षेत्र प्रमुख विजय ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर उद्बोधन दिया, जिसमें भारतीय परिवार व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ हुआ।
इस अवसर पर संस्कार भारती उत्तर क्षेत्र प्रमुख विजय, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य अशोक तिवारी, संस्कार भारती दिल्ली प्रान्त के सभी पदाधिकारी व अनेक प्रतिष्ठित लेखक-कवि, समाजधर्मी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी



