जींद : गीत के संदेश आध्यात्मिक उन्नति के मार्गदर्शक : तेजेंद्र ढुल

जींद, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रधान तेजेंद्र ढुल ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के अमर संदेश जो न केवल हमारी आध्यात्मिक उन्नति का मार्गदर्शन करते हैं बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। आज हम गीता जयंती का पावन उत्सव मना रहे हैं, लिहाजा आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण व गौरवमयी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल शनिवार को रंगशाला में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करने के दौरान उपस्थिति लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यअतिथि द्वारा गीता मंडप में यज्ञ में आहुति डाल कर गीता जयंती महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि महाभारत के युद्ध क्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। यह उपदेश केवल अर्जुन के लिए नही बल्कि समस्त मानव जाति के लिए है। गीता हमें कर्म, भक्ति और ज्ञान के महत्व को सिखाती है। इसमें 18 अध्याय और 700 श्लोक हैं, जिनमें जीवन के हर पहलू का समाधान छिपा है। भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को बताया कि कर्तव्यपालन सबसे बड़ा धर्म है।

गीता महोत्सव में समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं को दर्शाते स्टॉल लगाए गए हैं। जिसका मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के सहयोग से गुरुकुल विद्यापीठ पांडु पिंडारा द्वारा गीता मंडप भी स्थापित किया गया है। यहां गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा तीनों दिन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा