कठुआ के सीमावर्ती गांवों में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन तलाशी अभियान शुरू
- Editor Chief
- Aug 23, 2026
कठुआ, 23 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों में रविवार को संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। ड्रोन की गतिविधि की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने संबंधित इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार हीरानगर सेक्टर के बोबियां क्षेत्र के अग्रिम गांवों के ऊपर सुबह करीब 10:35 बजे ड्रोन जैसी एक संदिग्ध वस्तु उड़ती हुई देखी गई। कुछ मिनट तक भारतीय क्षेत्र के ऊपर दिखाई देने के बाद संदिग्ध ड्रोन पाकिस्तान की ओर वापस जाता नजर आया।
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षाबलों ने उन संभावित स्थानों को भी खंगाला जहां ड्रोन के माध्यम से किसी पैकेट या अन्य सामग्री को गिराए जाने की आशंका हो सकती थी। सीमावर्ती क्षेत्रों में पूर्व में ड्रोन के जरिये हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ भेजने के प्रयास सामने आने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना को गंभीरता से लिया। हालांकि प्रारंभिक तलाशी के दौरान किसी हथियार, नशीले पदार्थ या अन्य आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी की सूचना नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि कठुआ समेत जम्मू संभाग के अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में हाल के दिनों में संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों की घटनाएं सामने आने के बाद पहले से ही अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि रविवार को दिखाई दिया संदिग्ध ड्रोन केवल सीमा क्षेत्र की निगरानी के उद्देश्य से आया था या इसके माध्यम से भारतीय क्षेत्र में किसी प्रकार की खेप गिराने का प्रयास किया गया। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

