कश्मीर घाटी में श्रीनगर समेत कई स्थानों पर इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज, प्रसिद्ध डल झील सहित कई जल निकायों के किनारे जमे
- Neha Gupta
- Jan 08, 2026

श्रीनगर, 8 जनवरी । कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है और अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। श्रीनगर समेत कई स्थानों पर इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। हड्डियां जमा देने वाली ठंड के कारण प्रसिद्ध डल झील समेत कई जल निकायों के किनारे जम गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान -5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मंगलवार रात के -1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.5 डिग्री कम था। अधिकारियों ने बताया कि यह इस मौसम में शहर की अब तक की सबसे ठंडी रात थी और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम था। अधिकारियों ने बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित पर्यटक स्थल सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान -9.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में रात का तापमान घटकर -9.2 डिग्री सेल्सियस हो गया जो पिछले साल के -7.6 डिग्री सेल्सियस से कम है।
उन्होंने बताया कि इस सर्दी में रिसॉर्ट में अब तक का सबसे कम रात्रि तापमान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान -8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जो पिछली रात के -7.2 डिग्री सेल्सियस से कम था। उन्होंने आगे कहा कि बुधवार की रात रिसॉर्ट में इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काज़ीगुंड में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से अधिक गिरकर -5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का सबसे ठंडा तापमान है। उन्होंने बताया कि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान -3 डिग्री सेल्सियस और कुपवाडा में -5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी इस समय ‘चिल्लई-कलां’ की चपेट में है जो 40 दिनों की अत्यधिक ठंड की अवधि है जिसके दौरान रात्रि तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला जाता है और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। पिछले साल 21 दिसंबर को शुरू हुआ ‘चिल्लई-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा। घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम में अब तक हिमपात नहीं हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि 20 जनवरी तक मौसम शुष्क लेकिन बादल छाए रहने की संभावना है। विभाग ने यह भी कहा कि घाटी में 10 जनवरी तक रात के तापमान में काफी गिरावट आएगी।



