चेहरे पर या सिर में तेज दर्द न्यूरेल्जिया के लक्षण संभव : डॉ. अमनिका मुरारी

मुरादाबाद, 07 जनवरी (हि.स.)। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) मुरादाबाद शाखा की ओर से नए साल की पहली सीडीई बुधवार को रामगंगा विहार स्थित होटल में की गई। इस अवसर पर न सिर्फ दंत चिकित्सकों को ओरल हेल्थ से जुड़े नए वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी गई, बल्कि नववर्ष का स्वागत भी उत्साहपूर्वक किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. अमनिका मुरारी ने अपने व्याख्यान में न्यूरेल्जिया ऑफ हेड एंड नेक केयर जैसे अहम विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चेहरे पर या सिर में तेज दर्द न्यूरेल्जिया के लक्षण हो सकते हैं।

डॉ. अमनिका मुरारी ने आगे बताया कि ट्राइजेमिनल न्यूरेल्जिया में छूने, ब्रश करने, खाना खाने या हवा लगने से भी दर्द शुरू हो सकता है। ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द डॉक्टर को दिखाएं। समय पर जांच और संतुलित पोषण से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

आईडीए की मुरादाबाद शाखा के अध्यक्ष डॉ. अनिल रोहिला ने सभी अतिथियों और दंत चिकित्सकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और खानपान के कारण दंत रोगों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में दंत चिकित्सकों का अपडेट रहना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। नववर्ष के अवसर पर उत्सव का माहौल देखने को मिला।

सभी सदस्यों ने मिलकर केक काटा, वहीं मनोरंजन के लिए हाउजी, म्यूजिकल चेयर जैसे खेलों का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने भी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सचिव डॉ. रोहित सिंघल ने सभी को धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल