(अपडेट) बर्थडे मनाने जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। शाहदरा इलाके में जन्मदिनमनाने जा रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जांच में मृतक की पहचान गगन आही (27) के रूप में हुई है। गगन घर में बर्थडे केक काटने की तैयारी कर रहा था। इस बीच उसके दो जानकार युवक घर पहुंचे। आरोपितों ने उसे कॉल कर बाहर बुलाया और गले लगाकर विश करने के दौरान सिर में गोली मार दी।

बाद में आरोपित हवा में 2-3 राउंड गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इधर, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपित कुणाल (27) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल बाइक को भी बरामद कर लिया गया है।

जांच में पुलिस को पता चला है कि गगन का आरोपितों से दो दिन पहले किसी क्लब में झगड़ा हुआ था। उसी सिलसिले में बातचीत करने के लिए आरोपित गगन के घर पहुंचे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही आरोपित गगन के जानकार हैं।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि गगन परिवार के साथ नवीन शाहदरा में रहता था। इसी साल फरवरी में गगन की शादी हुई थी। गगन प्रॉपर्टी के अलावा फाइनेंस का काम करता था। शुक्रवार रात को वह घर पहुंचा था। शनिवार को उसका जन्मदिन था। पत्नी व परिजनों ने रात करीब 12.00 बजे केक काटने की तैयारी की हुई थी। इस बीच रात करीब 11 बजे बाइक सवार दो युवक उसके घर पहुंचे। उन्होंने कॉल कर गगन को बुलाया। दोनों ही उसके जानकार थे। गगन के बाहर आते ही दोनों उसे एक किनारे ले गए। इस बीच एक युवक ने उसे जन्मदिन विश करने के लिए गले लगाया और दूसरे युवक ने पिस्टल निकालकर उसकी कनपटी से सटाकर गोली मार दी। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गगन शाहदरा थाने का घोषित बदमाश था। उसके खिलाफ छेड़छाड़, झगड़ा करने और अवैध हथियार के चार मामले दर्ज थे। पांच दिन पहले ही वह झगड़े के मामले में गिरफ्तार हुआ था। बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी