लगातार चौथे दिन भी स्थगित रही श्री माता वैष्णो देवी यात्रा कटरा में फंसे हजारों श्रद्धालु

कटरा, 22 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते श्री माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार चौथे दिन भी स्थगित रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा को अगले आदेश तक रोक रखा है।  कटरा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन, पत्थर गिरने और रास्तों के असुरक्षित होने का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से भवन की ओर किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

 

 

 

 

 

 

प्रशासन लगातार मौसम और मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।  यात्रा स्थगित होने से देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु कटरा में ही फंस गए हैं। कई श्रद्धालु धर्मशालाओं, होटलों और यात्री निवासों में ठहरे हुए हैं और यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।  इस बीच, मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही श्री माता वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।