श्रीरामचरितमानस मानस सनातन व समाज का सबसे बड़ा दर्पण : शिवकुमार शास्त्री महाराज
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
मुरादाबाद, 26 दिसम्बर (हिंस.)। हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में नवदिवसीय श्री राम कथा महोत्सव के दूसरे दिन वृंदावन से पधारे प्रख्यात संत कथा वाचक शिवकुमार शास्त्री महाराज ने कहा कि महर्षि श्री वाल्मीकि जी द्वारा रचित रामायण एवं गोस्वामी श्री तुलसीदास जी द्वारा संकलित श्रीरामचरितमानस जैसा दिव्य ग्रन्थ मानस सनातन व समाज का सबसे बड़ा दर्पण है। यह गंगा के समान है। इसमें गोते लगाने पर सब कुछ मिल जाता है। यही मानस की विशेषता है।अध्यात्मिक जीवन में अगर श्रीरामचरित्रमानस नहीं हैं, पारिवारिक जीवन में श्रीरामचरित्रमानस नहीं हैं, सनातन धर्म में श्रीरामचरित्रमानस नहीं है तो सब व्यर्थ है।
कथा वाचक शिवकुमार शास्त्री ने आगे कहा कि वाल्मीकीय रामायण में भगवान श्रीराम के मानवीय चरित्र तथा श्रीरामचरितमानस में मानव चरित्र के साथ श्रीराम के ऐश्वर्य रूप-लीला का भी वर्णन है। उन्होंने कहा कि बाल अवस्था में जिसको संत का संरक्षण मिल गया उसकी जवानी बहुत अच्छी होती है। जिसकी युवावस्था अच्छी हो जाती है उसका बुढ़ापा अपने आप अच्छा हो जाता है और जिसका बुढ़ापा अच्छा हो जाता है उसका अगला जन्म स्वतः ही श्रेष्ठ हो जाता है। जो समय बीत गया वह बीत गया और जो समय बचा है उसको प्रभु राम की भक्ति में लगा दो आपका जीवन सार्थक हो जाएगा।
कथा वाचक ने आगे कहा कि ऐसे संस्कारो पर लानत है जब घर के वृद्ध लोग वृद्धा आश्रम में रहते हों। वृद्धा आश्रम बनवाने की जरुरत ही क्यों पड रही हैं। राष्ट्रहित में यह सही नहीं है। जिनके घरों मे मां-बाप, दादा-दादी सम्मान के साथ रह रहे है वह घर नहीं स्वर्ग होते है।
पूजन पंडित राजीव शुक्ला ने विधि विधान से सम्पन्न कराया। मुख्य यजमान हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र देव शर्मा व धर्मपत्नी मनुस्मृति उपस्थित रहे।
हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के मीडिया प्रभारी निमित जायसवाल ने बताया कि नव दिवसीय राम कथा महोत्सव शनिवार 27 दिसम्बर को श्री राम जन्मोत्सव, 29 दिसम्बर को श्रीराम सीता विवाह, 2 जनवरी को श्री राम राज्याभिषेक होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



