कांग्रेस मंत्री की संघ पर टिप्पणियां घटिया मानसिकता का परिचायक: डॉ. सिकंदर कुमार
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा है कि कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेताओं पर की जा रही टिप्पणियां बेहद अशोभनीय और घटिया मानसिकता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के बाद से समाज को बांटने का काम कांग्रेस ने किया है और आज वही पार्टी राष्ट्र निर्माण में जुटे संगठन पर निराधार आरोप लगा रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी संघ और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के फोबिया से ग्रस्त हैं, जिसके कारण वे लगातार विवादित और तथ्यहीन बयान दे रहे हैं। यह भाषा और सोच समाज में अलगाव पैदा करने वाली है और जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी वही है, जिसने कभी ‘मेक इन इंडिया’ का मजाक उड़ाया था और उसे ‘बब्बर शेर आ गया’ कहकर नकारती रही। लेकिन आज इसी मेक इन इंडिया की उपलब्धि ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों को करारा जवाब दिया है तथा कई देश इस अत्याधुनिक मिसाइल को भारत से खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यह कांग्रेस की नकारात्मक सोच और देश की उपलब्धियों को छोटा दिखाने की आदत को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे अत्यंत संवेदनशील राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं द्वारा सबूत मांगना देश विरोधी मानसिकता का परिचायक है। कांग्रेस हमेशा टुकड़े-टुकड़े गैंग और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का समर्थन करती रही है, जबकि विदेशी ताकतों के साथ उसकी सांठगांठ के आरोप भी समय-समय पर सामने आते रहे हैं।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस द्वारा संघ पर मनगढ़ंत, काल्पनिक और आपत्तिजनक आरोप लगाना गंभीर मामला है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वर्षों से राष्ट्रहित, सेवा और सामाजिक एकता के लिए समर्पित है। ऐसे संगठन पर गलत भाषा का प्रयोग समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। भाजपा मांग करती है कि कांग्रेस और उसके नेता सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की “हिंदू विरोधी मानसिकता” किसी से छिपी नहीं है। चुनाव जीतते ही मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया बयान—“हम 97% हिंदू आबादी को हराकर सत्ता में आए हैं”—तुष्टीकरण और विभाजनकारी राजनीति की साफ तस्वीर प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच प्रदेश और देश की सामाजिक एकता के लिए घातक है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा समाज में विभाजन की राजनीति को हर स्तर पर चुनौती देगी और राष्ट्रहित में काम करने वाले संगठनों तथा देशभक्त समाज के सम्मान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



