गुवाहाटी से तस्करी कर यूपी ले जा रहे पिकअप से 280 किलो गांजा सहित दो तस्कर गिरफ्तार
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
अररिया 26 दिसम्बर(हि.स.)।
जिले की जोकीहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर नेशनल हाईवे 327ई सिलीगुड़ी-बहादुरगंज-अररिया पथ में काकन चौक पर कार्रवाई करते हुए गांजा से भरी पिकअप वैन को जब्त किया।पुलिस को चकमा देकर भाग रहे गांजा के दो तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
मामले की जानकारी एसपी अंजनी कुमार ने शुक्रवार को देते हुए बताया कि पिकअप वैन से जब्त गांजा की मात्रा 280 किलो 680 ग्राम है। गिरफ्तार दोनों तस्कर उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।गिरफ्तार तस्करों में वाराणसी जिला रोहनिया थाना क्षेत्र के पिरसिंघीपुर के रहने वाले विष्णु पाठक पिता दीनानाथ पाठक और दूसरा तस्कर सुल्तानपुर जिला के कूड़ेमार थाना क्षेत्र के सरायविरण के रहने वाले तेज बहादुर पिता शिवकरण है।एसपी ने बताया कि गांजा गुवाहाटी से लोड कर उत्तरप्रदेश के जाया जा रहा था।गांजा दस और ग्यारह किलो के अलग अलग पैकेट में बंद है।उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पुलिस अधिकारियों को छानबीन में गांजा नजर नहीं आ रहा था। लेकिन इनपुट के आधार पर उसी वाहन में गांजा लोड होने की बात सामने आई थी।पुलिस अधिकारियों व जवानों ने जब गहन छानबीन की तो पिकअप के नीचले भाग में बने तहखाने में छिपाकर गांजा रखा था। पकड़े गए दोनों तस्करों ने जब पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर पिकअप के निचले भाग को खोला तो उसमें कुल बीस अलग अलग पैकेट में गांजा रखा पाया गया। पुलिस ने गांजा लदा वाहन नंबर डबल्यूबी67सी/1387 को जब्त कर लिया। साथ ही उक्त दोनों तस्करों से आवश्यक पूछताछ के बाद शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को गांजा तस्करी को लेकर कई चौकाने वाली बातें पूछताछ के क्रम में बताई।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल से निकटता के कारण एनएच 327ई सिलीगुड़ी-बहादुरगंज-अररिया पथ पर मादक पदार्थों की तस्करी वृहत पैमाने पर होती है। तस्करों द्वारा विदेशी शराब और गांजा तस्करी के नये नये तरकीब से ढुलाई में जुटे हैंज़लेकिन हाईवे पर सक्रिय जोकीहाट पुलिस इन तस्करों के मंसूबे पर पानी फेरने में कोई कोर कसर नही छोड़ रहे हैं। गांजा जब्ती को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है।
छापेमारी में थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा,सअनि आशीष आनंद, गृहरक्षक विनोद कुमार,अरविंद कुमार यादव,कृष्ण प्रसाद शर्मा की अहम भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर



