हिमाचल में बदलेगा मौसम, 4 व 5 दिसंबर को बर्फबारी का अनुमान
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और सूखे मौसम के बीच आने वाले दिनों में मौसम के करवट बदलने के संकेत मिल रहे हैं। 4 और 5 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव होने का अनुमान है। इस दौरान उच्च व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 3 दिसम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 4 दिसंबर को ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी की शुरुआत होगी, जबकि 5 दिसंबर को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावनाएं हैं। शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशन में भी सीजन की पहली बर्फबारी हो सकती है।
जनजातीय क्षेत्रों में पारा माइनस में
राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों लाहौल-स्पीति, किन्नौर व अन्य जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है। हिमाचल का सबसे ठंडा स्थान लाहौल स्पीति जिला का ताबो रहा, जहां न्यूनतम तापमान आज माइनस 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं कुकुमसेरी में पारा माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इन इलाकों में कड़ाके की ठंड ने सामान्य जनजीवन पर असर डाला है और लोगों को भीषण शीतलहर का सामना करना पड़ रहा है।
निचले इलाके पहाड़ों से ज्यादा ठंडे
इस बार मौसम का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि निचले मैदानी क्षेत्र पहाड़ों की तुलना में ज्यादा ठंड महसूस कर रहे हैं। हमीरपुर में बीती रात तापमान 4.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। इसी तरह ऊना में पारा 6.7 डिग्री, बिलासपुर में 6.5 डिग्री, कांगड़ा में 5.3 डिग्री, मंडी में 4.6 डिग्री, नाहन में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री रहा। दिलचस्प बात यह है कि शिमला जैसे हिल स्टेशन से नीचे हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा कहीं अधिक ठंडे दर्ज किए गए।
मैदानों में घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, मंडी में दृश्यता 100 मीटर
राज्य में कई क्षेत्रों में सुबह-शाम कोहरा छाने लगा है। शनिवार सुबह मंडी जिले में घने कोहरे के कारण दृश्यता 100 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन यानी 30 नवंबर और 1 दिसंबर को निचले और मैदानी इलाकों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट खासकर मंडी औऱ बिलासपुर जिलों के लिए जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से सुबह-शाम यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
सूखी ठंड से बढ़ी दिक्कतें
नवंबर माह में बारिश न होने के चलते राज्य में सूखी ठंड लगातार लोगों को परेशान कर रही है। इस महीने औसत वर्षा सामान्य से 93 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। आखिरी बार नवंबर के पहले सप्ताह में हिमाचल में हल्की बारिश व बर्फबारी हुई थी। इसके बाद से आसमान पूरी तरह साफ बना हुआ है, जिससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
मौसम केंद्र शिमला के अनुसार राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा और बीते 24 घंटों में इसमें 0.1 डिग्री की गिरावट आई है।
3 दिसंबर तक मौसम साफ, 4-5 दिसंबर को बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। 4 और 5 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और उच्च एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी तथा बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
दिसंबर की शुरुआत में शिमला, कुफ़री, मनाली, रोहतांग और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हर वर्ष की तरह पहला हिमपात होने की उम्मीद है। इससे पर्यटन कारोबार भी रफ्तार पकड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



