पलासी थाना से एसपी ने शुरू किया पुलिस जन संवाद कार्यक्रम

अररिया 10 दिसम्बर(हि.स.)।जन समस्याओं को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार से अररिया एसपी अंजनी कुमार ने एक विशेष पहल शुरू की।जहां पुलिस और जनता के बीच स्वस्थ सामंजस्य तैयार करने को लेकर जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें दर्जनों फरियादियों ने सीधे तौर पर एसपी अंजनी कुमार के समक्ष अपनी फरियाद रखी।

इससे पहले एसपी के पलासी थाना पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गॉड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

यह आयोजन न केवल पुलिस विभाग की परंपरा और अनुशासन का प्रतीक बना, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करता नजर आया।

जनता दरबार में पलासी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, घरेलू हिंसा, मारपीट, आपराधिक मामलों और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों ने सीधे एसपी के समक्ष अपनी बात रखी। एसपी अंजनी कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कुछ जटिल मामलों में संबंधित थानाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को

निष्पक्ष और त्वरित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

मौके पर एसपी अंजनी कुमार ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी फरियादी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने की नसीहत भी दी।एसपी ने बताया कि जनसंवाद का यह कार्यक्रम सभी थाना में आयोजित किया जाएगा।पहली कड़ी में पलासी के बाद 12 दिसम्बर को भरगामा,17 दिसम्बर को घूरना,19 दिसम्बर को अररिया नगर,21 दिसम्बर को नरपतगंज,24 दिसम्बर को फारबिसगंज और 29 दिसम्बर को रानीगंज थाना में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर