पूजा वस्त्राकर हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण दो हफ्ते के लिए क्रिकेट से हुईं दूर
- Admin Admin
- Jan 10, 2026
नवी मुंबई, 10 जनवरी (हि.स.)।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की तेज गेंदबाज ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते अगले दो हफ्तों तक क्रिकेट से दूर रहेंगी। इसकी पुष्टि आरसीबी के हेड कोच मालोलन रंगराजन ने शुक्रवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के उद्घाटन मुकाबले के बाद की।
मालोलन रंगराजन ने कहा,“पूजा वस्त्राकर मुंबई इंडियंस के खिलाफ चयन के लिए उपलब्ध नहीं थीं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई), बेंगलुरु से रिलीज़ होने से करीब दो हफ्ते पहले दुर्भाग्यवश उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। हमारे पास जो जानकारी है, उसके मुताबिक उन्हें अभी दो हफ्ते और लगेंगे। इससे पहले वह कंधे की समस्या के कारण सीओई में थीं और अब हैमस्ट्रिंग की परेशानी है। यह पूरी तरह सप्ताह-दर-सप्ताह की प्रक्रिया है, इसलिए हम उनकी स्थिति पर नज़र रखेंगे।”
इस बीच, आरसीबी ने डब्ल्यूपीएल 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। टीम ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर तीन विकेट से हराया। इस जीत में नाडीन डी क्लर्क की नाबाद 63 रन (44 गेंद) की शानदार पारी निर्णायक साबित हुई।
वहीं, मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस को भी झटका लगा जब ऑलराउंडर हेले मैथ्यूज़ कंधे की चोट के कारण मैदान पर नहीं उतर सकीं। मुंबई इंडियंस की हेड कोच लिसा कीटली ने बताया,“दुर्भाग्यवश उनका कंधा अभी पूरी तरह ठीक नहीं है। ट्रेनिंग के दौरान हल्का खिंचाव आ गया था। वह खेलने के काफी करीब हैं, लेकिन आज का मैच उनके लिए थोड़ा जल्दी हो गया। हम देखेंगे कि वह कल कैसा महसूस करती हैं और अगर फिट रहीं तो अगले मैच में उपलब्ध होंगी।”
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में करीबी हार झेलने के बाद, डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस शनिवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे



