खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026: कर्नाटक बना ओवरऑल चैंपियन, तमिलनाडु दूसरे और मणिपुर तीसरे स्थान पर
- Admin Admin
- Jan 10, 2026
• मेज़बान दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव छठे स्थान पर रहे • जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, नागालैंड और राजस्थान टॉप-10 में शामिल • कर्नाटक की अश्मिता चंद्रा ने 5 किमी और 10 किमी ओपन वॉटर स्विमिंग में जीते दो स्वर्ण
दीव, 10 जनवरी (हि.स.)। कर्नाटक ने खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। घोघला बीच पर आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन कर्नाटक की अश्मिता चंद्रा और ध्रुपद रामकृष्ण ने क्रमशः महिलाओं और पुरुषों की 5 किमी ओपन वॉटर स्विमिंग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचाया।
कर्नाटक ने कुल 3 स्वर्ण, 2 रजत और 6 कांस्य पदक के साथ दूसरा संस्करण अपने नाम किया। तमिलनाडु ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पिछली बार की चैंपियन मणिपुर की टीम 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर रही। शीर्ष तीनों राज्यों के स्वर्ण और रजत पदक समान रहने के कारण कांस्य पदकों की संख्या के आधार पर ओवरऑल रैंकिंग तय हुई।
खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का आयोजन दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव केंद्र शासित प्रदेश द्वारा, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और राष्ट्रीय खेल महासंघों के तकनीकी सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान वॉलीबॉल, सॉकर, सेपक टाकरा, कबड्डी, पेंकाक सिलाट, ओपन वॉटर स्विमिंग, मल्लखंभ और रस्साकशी सहित आठ खेलों का आयोजन हुआ, जिनमें छह पदक खेल थे और कुल 32 स्वर्ण पदक दांव पर थे।
पदक तालिका में मध्य प्रदेश ने पेंकाक सिलाट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ चौथा स्थान हासिल किया। मेज़बान दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव की टीम 2 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदक के साथ छठे स्थान पर रही। हरियाणा पांचवें स्थान पर रहा, जबकि जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, नागालैंड और राजस्थान ने भी दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर टॉप-10 में जगह बनाई।
अंतिम दिन से पहले मणिपुर को खिताब बचाने की उम्मीद थी, क्योंकि उसकी पुरुष और महिला बीच सेपक टाकरा टीमें ट्रायो स्पर्धा के फाइनल में पहुंची थीं। मणिपुर की महिला टीम ने पश्चिम बंगाल को 2-0 से हराकर स्वर्ण जीता, लेकिन पुरुष ट्रायो फाइनल में तमिलनाडु ने मणिपुर को 2-1 से हराकर कुल स्टैंडिंग में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
इससे पहले अश्मिता चंद्रा ने महिलाओं की 5 किमी ओपन वॉटर स्विमिंग में 1:35:11 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र की दीक्षा यादव 1:35:53 सेकंड के साथ रजत और कर्नाटक की ही आसरा सुधीर 1:39:14 सेकंड के साथ कांस्य पदक पर रहीं। अश्मिता ने इससे एक दिन पहले 10 किमी स्पर्धा भी जीती थी।
पुरुषों की 5 किमी ओपन वॉटर स्विमिंग में कर्नाटक के ध्रुपद रामकृष्ण ने 1:21:33 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के अनुराग सिंह 1:21:38 सेकंड के साथ रजत पर रहे, जबकि कर्नाटक के प्रशांश एचएम ने 1:24:34 सेकंड में कांस्य पदक जीता।
आज के परिणाम
बीच सेपक टाकरा
महिला ट्रायो: स्वर्ण – मणिपुर; रजत – पश्चिम बंगाल; कांस्य – गोवा, असम
पुरुष ट्रायो: स्वर्ण – तमिलनाडु; रजत – मणिपुर; कांस्य – नागालैंड, असम
ओपन वॉटर स्विमिंग
महिला 5 किमी: स्वर्ण – अश्मिता चंद्रा (कर्नाटक); रजत – दीक्षा यादव (महाराष्ट्र); कांस्य – आसरा सुधीर (कर्नाटक)
पुरुष 5 किमी: स्वर्ण – ध्रुपद रामकृष्ण (कर्नाटक); रजत – अनुराग सिंह (उत्तर प्रदेश); कांस्य – प्रशांश एचएम (कर्नाटक)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे



