थलीसैंण पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल का स्वागत, सरकार की नाकामियों पर किया तीखा प्रहार

पौड़ी गढ़वाल, 20 दिसंबर (हि.स.)।थलीसैंण पहुंचने पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय गणेश गोदियाल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर गोदियाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, युवाओं को बेरोजगारी की दलदल में धकेला जा रहा है और आम जनता बदहाल सड़कों एवं बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रही है। सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं, उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को गहरी चोट पहुँच रही है। सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाकर दमन और दबाव की राजनीति कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी और भ्रष्टाचार, बेरोजगारी तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निरंतर आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष वीरा देवी, ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह, रेवती चौंडीयाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह रावत, नगर अध्यक्ष बिशम्भर ममगाई, ब्लॉक उपाध्यक्ष विजय बिष्ट, विक्रम सिंह आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह