भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में कानपुर के अरुण पाठक बने प्रस्तावक

कानपुर, 12 दिसंबर (हि.स.)। कानपुर–उन्नाव स्नातक खण्ड क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक को आगामी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के प्रस्तावक के रूप में शामिल किए जाने पर पूरे संगठन में उत्साह का माहौल है। इस जिम्मेदारी को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कुल आठ प्रस्तावक चयनित किए गए हैं, जिनमें कानपुर की ओर से अरुण पाठक को स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि पाठक को मिला यह दायित्व न केवल उनके अनुभव और कार्यकुशलता का सम्मान है, बल्कि यह कानपुर की राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक सशक्तता का भी प्रमाण है।

पार्टी में इस घोषणा के बाद खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अरुण पाठक को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह क्षण कानपुर संगठन के लिए गर्व से भरा हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अरुण पाठक अपने लंबे राजनीतिक अनुभव, जमीन से जुड़े कार्य और संगठनात्मक कौशल का परिचय देते हुए इस दायित्व को अत्यंत सफलतापूर्वक निभाएँगे।

दीक्षित ने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष चुनाव जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में कानपुर की यह सशक्त भागीदारी इस बात का प्रतीक है कि भाजपा संगठन यहाँ न केवल सक्रिय है, बल्कि राज्य की राजनीति में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए निरंतर अग्रसर है। उन्होंने इसे संगठन की मजबूती, सामूहिक परिश्रम और नेतृत्व क्षमता का प्रतिबिंब बताया।

प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में अरुण पाठक की नियुक्ति को पूरे कानपुर–उन्नाव क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता गौरव के रूप में देख रहे हैं और इसे भविष्य की राजनीतिक दिशा में कानपुर की बढ़ती भूमिका का संकेत माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप