सरगुजा: जिले में अब तक 93 हजार क्विंटल से ज़्यादा धान खरीद

धान खरीदी त्यौहार

अंबिकापुर, 27 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में सरगुजा जिले के धान उपार्जन केंद्रों में इस वर्ष जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। शासन के सख्त निर्देशों और प्रशासनिक तैयारियों के चलते इस बार खरीद कार्य तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। किसानों के बढ़ते उत्साह का परिणाम यह है कि धान खरीद केंद्रों में लगातार भीड़ और भागीदारी बढ़ती जा रही है।

जिला खाद्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में 93,625.01 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। इस वर्ष 55,937 किसान पंजीकृत हैं, जिन्हें 54 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान बेचने की पूर्ण सुविधा प्रदान की गई है। सिर्फ 27 नवंबर 2025 को ही 653 किसानों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 470 किसानों ने समिति के माध्यम से और 183 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप के जरिए टोकन प्राप्त किया।

जिले के सभी 54 केंद्रों में बारदाना उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तुलाई, नमी परीक्षण, टोकन वितरण और भुगतान प्रणाली को मजबूत किया गया है, जिससे किसानों का भरोसा और तेज हुआ है। अधिकारी लगातार मैदान में रहकर निरीक्षण कर रहे हैं ताकि खरीद प्रक्रिया में कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस वर्ष डिजिटल व्यवस्था भी किसानों के लिए राहत का बड़ा कारण बनी है। तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ और प्रतीक्षा की समस्या कम हुई है। समिति स्तर पर भी पंजीयन और टोकन वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी और तेज तरीके से संचालित की जा रही है।

जिला खाद्य अधिकारी ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में खरीद और तेजी पकड़ेगी, क्योंकि खेतों में कटाई का कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक केंद्र की निगरानी बढ़ाई गई है और समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। धान खरीद से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के लिए किसान कंट्रोल नंबर 9630682959 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह