सुंदरबनी में युवक का अपहरण कर जंगल तक ले गए संदिग्ध रिहाई के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान
- MILAN SINGH JAMWAL
- Oct 05, 2026
जम्मू। राजौरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र में संदिग्ध आतंकवादी गतिविधि की सूचना के बाद पुलिस और सेना ने जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। बताया गया है कि तीन संदिग्ध हथियारबंद लोगों ने देर रात एक स्थानीय युवक का कथित तौर पर अपहरण किया और जंगल तक पहुंचने के लिए उसे गाइड के रूप में इस्तेमाल किया।
जानकारी के अनुसार, सुंदरबनी के अपर लारडिया इलाके में देर रात तीन संदिग्धों ने स्थानीय निवासी अनिल कुमार सूदन पुत्र सुभाष चंद्र को उसके घर के पास से कथित तौर पर अपने साथ ले लिया। रिपोर्टों के मुताबिक संदिग्धों ने युवक की मदद से दुआ खड्ड के जंगल की ओर रास्ता तय किया।
इसके बाद संदिग्धों ने युवक को तड़के करीब 3:15 बजे छोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक सुरक्षाबलों का संदिग्धों से कोई संपर्क नहीं हुआ था।
इसी बीच राजौरी के मंडुगाला ढोक जंगल में भी तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर काले कपड़े पहने दो संदिग्ध व्यक्तियों को बैग और हथियारों के साथ इलाके में घूमते देखने की सूचना दी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।

