यमुनानगर: विवाहिता की मौत पर परिजनों ने किया अस्पताल में हंगामा

ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप

यमुनानगर, 04 जनवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले के जगाधरी स्थित सिविल अस्पताल में रविवार को उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब संदिग्ध हालात में जान गंवाने वाली 41 वर्षीय विवाहिता ऋतु जैन के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि ऋतु ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।

मृतका के अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। हालात इतने बिगड़े कि पुलिस की मौजूदगी में ही मृतका के पति पर हमला करने की कोशिश की गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया।

ऋतु जैन का मायका करनाल में है। उसकी शादी करीब 17–18 वर्ष पहले जगाधरी निवासी करण गोयल से हुई थी। वह पुराना बिलासपुर रोड क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रही थी। ऋतु दो बच्चों की मां थी।

परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर बताया कि ऋतु की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग जगाधरी पहुंचे, लेकिन सिविल अस्पताल पहुंचने पर उन्हें ऋतु की मौत की जानकारी दी गई। परिजनों का कहना है कि शव के गले पर उंगलियों जैसे निशान दिखाई दिए, जिससे उनकी शंका और गहरा गई। मृतका के भाई संदीप जैन व अन्य रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि ऋतु को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब पुलिस मृतका के पति को पूछताछ के लिए ले जाने लगी। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाल लिया। पोस्टमार्टम को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि मृतका के ससुर, जो सिविल अस्पताल में पूर्व में वरिष्ठ पद पर रह चुके हैं, प्रभाव का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी कारण परिजन जगाधरी के बजाय किसी अन्य स्थान पर निष्पक्ष पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं। जगाधरी सिटी थाना पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच अधिकारी राकेश कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान, पड़ोसियों की जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार