कूचबिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप, शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल पर साधा निशाना

कोलकाता, 25 दिसंबर (हि. स.)। कूचबिहार जिले के माथाभांगा इलाके में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्या के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को गंभीर आरोप लगाए। राज्य भाजपा मुख्यालय मुरलीधर सेन लेन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र के हाजराहाट एक नंबर ग्राम पंचायत इलाके में तृणमूल कांग्रेस के गुंडों द्वारा भाजपा के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि इस हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं के नाम माधव सरकार और यादव सरकार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस घटना के बाद से इसे पारिवारिक विवाद बताने की कोशिश कर रही है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। उनके अनुसार, मृत दोनों व्यक्ति भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और हमलावर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े परिचित अपराधी हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि माधव सरकार मंडल स्तर पर युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष थे और पार्टी की सदस्यता भी उन्होंने सक्रिय रूप से निभाई थी। शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकार वार्ता में इस हमले में शामिल तृणमूल कांग्रेस से जुड़े आरोपितों के नामों की सूची भी सार्वजनिक की।

उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि मृत भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों तक पार्टी के विधायकों को जाने से रोका जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर तरह की मदद दी जाएगी। उन्होंने इस घटना को राज्य में राजनीतिक हिंसा का एक और उदाहरण बताते हुए मुख्यमंत्री और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर