झाड़ग्राम, 01 जनवरी (हि.स.)। झाड़ग्राम जिले के झाड़ग्राम प्रखंड अंतर्गत अगुइबनी क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश महात के निधन से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, वे लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
जगदीश महात संगठन के प्रति निष्ठा, सक्रियता और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। स्थानीय स्तर पर पार्टी संगठन को सशक्त बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
गुरुवार दोपहर उनकी शव यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग सम्मिलित हुए। इस दौरान शोकाकुल वातावरण में लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
उनके निधन पर गोपीबल्लभपुर के विधायक डॉ. खगेंद्रनाथ महात, झाड़ग्राम प्रखंड तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नरेन महात, हेमंत महात सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया। सभी ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



