तमलुक में हाइकोर्ट के निर्देश पर 21 जनवरी को नपा चेयरमेन का चुनाव
- Admin Admin
- Jan 14, 2026
पूर्व मेदिनीपुर, 14 जनवरी (हि.स.)। हाइकोर्ट के आदेश के मुताबिक तमलुक नगर निगम में नए नगर प्रमुख (चेयरमैन) का चुनाव 21 जनवरी को होगा। मंगलवार शाम नगर पालिका केे कार्यवाहक प्रमुख चंचल खाड़ा ने नगर निगम के 20 नगर प्रतिनिधियों को विशेष बैठक का नोटिस भेजा है।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, 2022 के नगर निगम चुनाव में कुल 20 सीटों में से 18 पर तृणमूल कांग्रेस और दो पर भाजपा विजयी हुई थी। उस समय दीपेन्द्रनारायण राय चेयरमैन चुने गए थे और लीना मावई राय को वाइस चेयरमैन बनाया गया था। दोनों ने 11 नवंबर को पार्टी के निर्देश पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद 18 नवंबर को राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग ने चंचल खाड़ा को अस्थायी चेयरमैन नियुक्त किया। 20 नवंबर को नगर बोर्ड की बैठक के बाद उन्होंने खुद को चेयरमैन घोषित कर दिया था। हालांकि भाजपा की दो नगर पार्षद जया दास नायेक और शबरी चक्रवर्ती ने इस चुनाव को अवैध मानते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
भाजपा पार्षद जया दास नायेक ने कहा, हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार हमें नोटिस मिला है। लेकिन तृणमूल का अर्थ चोरी और भ्रष्टाचार है। अब देखना यह है कि चुनाव सही तरीके से होगा या नहीं।
वहीं, चंचल खाड़ा ने कहा, चेयरमैन चुनाव के लिए सभी पार्षदों को नोटिस भेज दिया गया है। हम सब कुछ कानूनी तरीके से करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



