गोरेगांव–मुलुंड लिंक रोड के चौथे चरण के लिए टेंडर जारी

मुंबई, 15 दिसंबर (हि.स.)। मुंबई मनपा ने महानगर के पूर्व और पश्चिम उपनगरों को जोड़ने वाली गोरेगांव–मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) परियोजना के चौथे चरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी लागत लगभग 1293 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। यह परियोजना से यातायात सुधरेगा और ईंधन व समय की बचत होगी।

मनपा अधिकारियों के अनुसार, जीएमएलआर परियोजना मुंबई के चार प्रमुख पूर्व–पश्चिम संपर्क मार्गों में से एक होगी। इसके पहले तीन चरणों पर काम प्रगति पर है। चौथे चरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को गति मिलेगी। इस परियोजना के पूरे हेने बाद लोगों को समय और ईंधन की बचत के साथ ही प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। इस परियोजना को चार चरणों में पूरा किया जा रहा है।

जीएमएलआर परियोजना कुल लगभग 12.20 किलोमीटर लंबी है। इसके चौथे चरण में मुलुंड की ओर का हिस्सा विकसित किया जाएगा। इसमें संजय गांधी नेशनल पार्क के नीचे से गुजरने वाली 4.7 किलोमीटर लंबी टनल भी शामिल है। यह टनल प्रोजेक्ट की सबसे तकनीकी और चुनौतीपूर्ण हिस्सा है। परियोजना पूरी होने के बाद गोरेगांव से मुलुंड के बीच यात्रा का समय मौजूदा 70–75 मिनट से घटकर लगभग 25 मिनट रह जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार