हंदवाड़ा में आतंकी ठिकाना ध्वस्त AK 47 ग्रेनेड समेत भारी गोला बारूद बरामद
- Editor Chief
- Oct 07, 2026
स्टेट समाचार ब्यूरो हंदवाड़ा ,उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा इलाके में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध ठिकाने का पता चला। तलाशी लेने पर वहां से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में एक AK-47 राइफल, तीन ग्रेनेड, AK-47 के 857 राउंड, PIKA के 192 राउंड, आठ AK मैगजीन, एक साइलेंसर और पिस्टल के 83 राउंड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मौके से अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह ठिकाना कब से इस्तेमाल किया जा रहा था और बरामद हथियार तथा गोला-बारूद किस आतंकी नेटवर्क से जुड़े थे। यह भी जांच की जा रही है कि हथियारों को किसी संभावित आतंकी गतिविधि के लिए जमा किया गया था या इन्हें आगे किसी अन्य स्थान पर पहुंचाया जाना था।
ठिकाना मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाकर संभावित संपर्कों और अन्य छिपे ठिकानों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

