फरीदाबाद के बीके अस्पताल का एसडीएम ने किया दौरा, बोले मरीजों को नहीं होने देंगे परेशानी
- Admin Admin
- Dec 10, 2025
फरीदाबाद, 10 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा में डॉक्टरों की हड़ताल के तीसरे दिन बड़खल के उपमंडल अधिकारी त्रिलोक चंद ने फरीदाबाद स्थित बीके अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्टाफ से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
एसडीएम त्रिलोक चंद ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि हड़ताल के बावजूद मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए दूसरे और निजी अस्पतालों से डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर बाहर से डॉक्टर बुलाए जा रहे हैं, ताकि इलाज प्रभावित न हो।
प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर तीसरे दिन भी हड़ताल पर हैं। सरकार और डॉक्टरों के संगठन के बीच वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों की सीधी भर्ती रोकने पर सहमति बन गई है, लेकिन सुनिश्चित पदोन्नति योजना को लेकर अभी भी सहमति नहीं बन पाई है।
स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम लागू कर हड़ताल पर छह महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही काम नहीं तो वेतन नहीं का आदेश भी जारी किया गया है। राज्यपाल की ओर से धारा चार के तहत स्पष्ट किया गया है कि अगले छह महीने तक स्वास्थ्य विभाग के सभी डॉक्टर और कर्मचारी किसी भी प्रकार की हड़ताल नहीं कर सकते।
एसडीएम ने बताया कि फरीदाबाद जिले में कुल 141 डॉक्टर कार्यरत हैं, जिनमें से 36 डॉक्टर हड़ताल में शामिल हैं। बीके अस्पताल में 54 डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें से आठ डॉक्टर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दौरान निजी अस्पतालों से 16 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार बुलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग



