साहिबजादों ने छोटी उम्र में भी बड़े साहस का परिचय दिया : कामेश्वर सिंह

फोटो

देवरिया, 27 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शनिवार काे सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया खास में वीर बाल दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा किसान माेर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, विशिष्ट अतिथियों में सदर विधायक डाॅ. शलभ मणि त्रिपाठी और जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कामेश्वर सिंह ने गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों, जोरावर सिंह और फतेह सिंह के अदम्य बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें सिखाता है कि धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए छोटी उम्र में भी बड़े साहस का परिचय दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिवस को मनाने की पहल की, जो साहिबजादों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

सदर विधायक डाॅ. शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा, गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों ने विदेशी आक्रांताओं के सामने कभी हार नहीं मानी और अपने प्राणों का बलिदान देकर सनातन धर्म की रक्षा की। यह दिवस हमें उनकी वीरता और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का अवसर देता है। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने भी साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का संचार करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और छात्रों ने गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देशभक्ति के नारों के साथ समापन किया। यह आयोजन वीर बाल दिवस के महत्व को उजागर करने और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास था। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, भाजपा नेता नीरज शाही, महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही, जिला महामंत्री प्रमोद शाही, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, संजय पांडे, मंडल उपाध्यक्ष मुकुल मणि त्रिपाठी, जितेंद्र सिंह, रूपम पांडे, श्याम रंजन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक