दिवान मंदिर के ऑडिटोरियम के आधुनिकीकरण की आधारशिला रखी

जम्मू। कच्ची छावनी स्थित ऐतिहासिक दिवान मंदिर के मौजूदा ऑडिटोरियम हॉल के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की आधारशिला बुधवार को जम्मू ईस्ट के विधायक युधवीर सेठी ने जम्मू नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव की मौजूदगी में रखी। करीब 2.62 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य को जेएमसी अपने कैपेक्स बजट से पूरा करेगा। करीब 150 वर्षों से दिवान मंदिर में रामलीला के आयोजन की परंपरा रही है, जिसके चलते यह स्थान जम्मू की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। परियोजना के तहत ऑडिटोरियम में व्यापक सिविल कार्यों के साथ नई कारपेटिंग, मॉड्यूलर सीटिंग, एयर कंडीशनिंग, सीसीटीवी निगरानी, आधुनिक अग्निशमन व्यवस्था और अत्याधुनिक ऑडियो सिस्टम स्थापित किया जाएगा।
आधारशिला कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समुदाय के प्रमुख सदस्य शामिल हुए। विधायक युधवीर सेठी ने कहा कि ऑडिटोरियम के आधुनिकीकरण से लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, जेएमसी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि निगम कैपेक्स बजट के माध्यम से शहर में सार्वजनिक सुविधाओं के उन्नयन और पुराने शहर के सौंदर्यीकरण पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों के जरिए जम्मू के ऐतिहासिक क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है।