जींद : दिल्ली रैली में भाग लेगा हर कांग्रेसी : जयभगवान गोयल
- Admin Admin
- Dec 11, 2025
जींद, 11 दिसंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता जयभगवान गोयल ने कहा कि 14 दिसंबर को वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है। यात्रा को लेकर प्रदेशभर से हजारों लोगों में उत्साह है और सभी अपने-अपने व्हीकलों से यात्रा में बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।
कांग्रेस नेता जयभगवान गोयल गुरूवार को निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा सद्भावना यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा ने 26 हल्के पूरे कर लिए हैं। वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली को लेकर राहुल गांधी ने बुलाया है। यात्रा को लेकर वर्करों की ड्यूटी लगा दी गई है। हालांकि 14 दिसंबर को सद्भाव यात्रा का कार्यक्रम था, जिसे रद्द किया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रा जहां से भी गुजर रही है, वहीं लोगों का प्यार और समर्थन मिल रहा है। युवा, महिलाएं, हर वर्ग के लोग यात्रा के माध्यम से जुड़ रहे हैं और कांग्रेस को मजबूत कर रहे हैं।
बृजेंद्र सिंह ने सभी युवाओं को आह्वान किया है कि सभी वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली में बढ़चढ़ कर भाग लें। उन्होंने कहा कि आजकल बृजेंद्र सिंह को युवा रोल मॉडल के तौर पर देख रहे हैं। बृजेंद्र सिंह के पास युवाओं के फोन आ रहे हैं कि वो भी रैली में भाग लेंगे। इस रैली को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित नौजवान युवा वर्ग है। युवा, महिलाएं खुद पूछ रही हैं कि वह रैली में कैसे भाग ले सकती हैं। इसलिए प्रत्येक गांव से हर वर्ग में इस रैली में भाग लेने के लिए क्रेज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा



