जनता को भाजपा सरकार की नीतियों पर पूरा भरोसा : बेबी रानी मौर्य
- Admin Admin
- Dec 28, 2025
फिरोजाबाद, 28 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने रविवार को कहा कि 2027 में भाजपा पिछली बार की अपेक्षा और अधिक सीटे जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने सपा व कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उत्तर प्रदेश सरकार की बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य रविवार को फिरोजाबाद में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में पहुंची थी। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुई। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से ज्यादा सीटें जीतकर दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को भाजपा सरकार की नीतियों पर पूरा भरोसा है। मथुरा में मुस्लिम समाज की पंचायत के फैसले से संबंधित सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और यहां कानून का राज है। मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध को लेकर मंत्री ने कहा कि राम जी का नाम जोड़ा गया है और इस पर राजनीति करना उचित नहीं है। कैबिनेट मंत्री ने व्यापारी सम्मेलन को लेकर कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय_समय पर होते रहने चाहिए। सबसे बड़ी बात है कि कार्यक्रम में बिना भेदभाव सभी वर्ग के लोगों का सम्मान है। उन्होंने व्यापारियों के हित में चल रही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से भी व्यापारियों को अवगत कराया। इस दौरान भाजपा नेता और व्यापारियों ने उनका जोशीला स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़



