नेकां में एक भी ऐसा विधायक नहीं है जो 20 करोड़ या 100 करोड़ रुपये के लिए अपनी ईमानदारी बेच दे
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 12, 2026
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) में फूट डालकर उनकी सरकार गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया। अब्दुल्ला ने अपनी दादी अकबर जहां की 26वीं पुण्यतिथि पर हजरतबल में अपने दादा-दादी के मजार पर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उनके विधायकों को खरीदने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर रही है। अब्दुल्ला ने दावा किया, नेशनल कांफ्रेंस को तोडऩे की कोशिशें की जा रही हैं। पैसे और मंत्री पद का लालच काम न आने पर भाजपा अब बंद दरवाजों के पीछे मेरे विधायकों से कह रही है कि 'हमारे साथ आ जाओ और हम तुम्हें राज्य का दर्जा दिला देंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि जम्मू के एक नेकां विधायक ने उन्हें बताया कि उन्हें भाजपा खेमे में शामिल होने के लिए 30 करोड़ रुपये और मंत्री पद की पेशकश की गई थी। उन्होंने कहा, भगवान गवाह है कि जम्मू के एक विधायक ने मुझे बताया कि भाजपा के एक पदाधिकारी ने - जो उच्चतम न्यायालय के वकील भी हैं - उनसे समर्थन मांगा और बदले में 20-30 करोड़ रुपये, एक मंत्री पद और राज्य का दर्जा देने की पेशकश की। उन्हें लगता है कि लोगों का भरोसा इतना कमज़ोर है।
अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस के विधायक खुद को नहीं बेचेंगे। उन्होंने कहा कि एक भी ऐसा विधायक नहीं है जो 20 करोड़ या 100 करोड़ रुपये के लिए अपनी ईमानदारी बेच दे, क्योंकि हम जानते हैं कि हमें भगवान को जवाब देना है।
अब्दुल्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, यह मत सोचिए कि हम इतने कमज़ोर हैं कि आप पिछले दरवाज़े से सत्ता पर काबिज हो जायेंगे।

