यमुनानगर:चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना, नकदी व आभूषण चोरी

यमुनानगर, 31 दिसंबर (हि.स.)। यमुनानगर शहर की महावीर कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मकान में सेंध लगाकर नकदी और कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में राकेश ग्रोवर ने बताया कि वह 27 दिसंबर को अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। 29 दिसंबर को जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच में सामने आया कि चोर घर से करीब 22 हजार रुपये नकद, लगभग नौ तोले सोने के आभूषण और 50 ग्राम चांदी के गहने चोरी कर ले गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार