जलपाईगुड़ी, 13 जनवरी (हि. स.)। राज्य सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और उनसे सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस की ओर से ‘उन्नयन संवाद यात्रा’ की शुरुआत की गई। मंगलवार को राजगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनतादाड़ी ग्राम पंचायत इलाके से इस यात्रा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मनतादाड़ी स्थित एक मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की गई। यह यात्रा 13 जनवरी से 27 जनवरी तक राजगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चलेगी। इस यात्रा का नेतृत्व राजगंज के विधायक खगेश्वर राय कर रहे हैं।
यात्रा के दौरान लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री, स्वास्थ्य साथी, सबुज साथी सहित राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। साथ ही आम जनता की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं तथा उनके समाधान का आश्वासन भी दिया गया।
कार्यक्रम में राजगंज ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अरिंदम बनर्जी, महिला तृणमूल कांग्रेस की नेता सर्वाणी धारा, युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नीलाद्री घोष सहित कई तृणमूल नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार



