शोपियां मुठभेड़ में लश्कर का शीर्ष कमांडर ढेर एक अन्य आतंकी अब भी घिरा

शोपियां, 8 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के चनापोरा क्षेत्र में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर जाकिर गनी मारा गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, एक अन्य आतंकी अभी भी इलाके में छिपा हुआ है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जाकिर गनी पिछले पांच दिनों से अपने एक साथी के साथ सुरक्षा बलों के घेरे में था। मंगलवार को एक गोशाला से उसका शव बरामद किया गया। मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
अधिकारी ने इसे सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि मुठभेड़ स्थल के पास फिर से गोलीबारी की आवाजें सुनी गई हैं, जिससे संकेत मिलता है कि एक अन्य आतंकी अभी भी वहां मौजूद है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते। शोपियां में एसओजी, राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में लश्कर का एक आतंकी मार गिराया गया।"मुठभेड़ स्थल से एक AK राइफल और उसकी एक मैगजीन भी बरामद की गई है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।