हिसार में बधाई मांगने के विवाद में भिड़े किन्नर, कई घायल

पुलिस पर लगाया मिलीभगत व कार्रवाई न करने का

आरोप

हिसार, 27 नवंबर (हि.स.)। सिविल लाइन क्षेत्र

में बधाई मांगने के विवाद में किन्नर आपस में भिड़ पड़े। इसमें कई किन्नरों को चोटें

आईं हैं। घायल किन्नर पूर्व पार्षद शोभा नेहरू गुट के बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार

के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोप है कि एक गुट के किन्नर दूसरे

गुट के किन्नरों की चोटी काटकर ले गए।

मारपीट की घटना के बाद शोभा नेहरू भी गुरुवार काे नागरिक अस्पताल

पहुंची और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शोभा नेहरू ने बताया

कि किन्नरों से मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस बारे में पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।

शोभा नेहरू ने बताया कि वे सालों से बधाई मांगकर गुजारा कर रही हैं। अब उसकी टीम

बधाई लेती है। अग्रसेन भवन में शादी हुई थी वहां दूसरे गुट के किन्नर बधाई मांगने

पहुंच गए। इसके बाद परिवार वालों ने उनको बधाई देने से मना कर दिया और कहा कि हम तो

शोभा नेहरू को ही बधाई देते आ रहे हैं। इसके बाद जब उनकी टीम मौके पर पहुंची तो उसकी

टीम के साथ हाथापाई की और मारपीट करने लगे।

शोभा नेहरू ने बताया कि जिन लोगों ने उन

पर हमला किया उनके पास हथियार भी थे। पूर्व पार्षद शोभा नेहरू ने बताया कि पुलिस आरोपियों

से मिली है। जब डायल 112 पर फोन किया तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का

साथ दिया। शोभा ने बताया कि उसकी तीन साथी गीता, सानिया और अन्य को चोट आई है। शोभा

नेहरू ने बताया कि सभी आरोपी कप्तान स्कूल और इसके आसपास के रहने वाले हैं। घटना के

बाद किन्नरों ने सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया है और पुलिस को शिकायत दे दी है।

इस मामले को लेकर सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि अभी उनके पास किसी तरह की सूचना

नहीं आई है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर