पुंछ में LoC के पास मिलीं दो बारूदी सुरंगें सेना ने सुरक्षित तरीके से किया नष्ट
- MILAN SINGH JAMWAL
- Oct 05, 2026
पुंछ/जम्मू, 5 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सेना ने दो बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:50 बजे मेंढर सेक्टर के बसूनी टॉप इलाके में सीमा बाड़ के नजदीक सेना का गश्ती दल नियमित पेट्रोलिंग कर रहा था। इसी दौरान जवानों की नजर दो बारूदी सुरंगों पर पड़ी। सुरक्षा को देखते हुए इलाके को तत्काल घेर लिया गया और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत दोनों बारूदी सुरंगों को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया। पूरी कार्रवाई सुरक्षित रही और किसी व्यक्ति या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।
अधिकारियों के मुताबिक, LoC के अग्रिम इलाकों में घुसपैठ रोकने के लिए बनाए गए एंटी-इन्फिल्ट्रेशन ऑब्स्टेकल सिस्टम के तहत कई क्षेत्रों में बारूदी सुरंगें मौजूद हैं। भारी बारिश के कारण कभी-कभी ऐसी सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से खिसककर या मिट्टी हटने से सतह पर आ जाती हैं। ऐसी सुरंगें दिखाई देने पर विशेषज्ञ उन्हें निष्क्रिय या नियंत्रित विस्फोट से नष्ट करते हैं।
पुंछ में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं। 23 सितंबर को भी LoC के पास तीन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया गया था, जिनमें मेंढर सेक्टर के फगवाड़ा गली क्षेत्र की दो और हवेली तहसील के कस्बा गांव की एक एंटी-पर्सनल माइन शामिल थी।

