जिला सांबा के विजयपुर में आठ ग्राम 690 मिलीग्राम चिट्टे के साथ किश्तवाड़ के दो युवक गिरफ्तार

सांबा, 19 अगस्त। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांबा पुलिस को विजयपुर क्षेत्र में सफलता मिली है। पुलिस स्टेशन विजयपुर की टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.69 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ (चिट्टा) बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपी जिला किश्तवाड़ के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, विजयपुर पुलिस की टीम एम्स नाका विजयपुर पर नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान सांबा की तरफ से पैदल विजयपुर की ओर आ रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 8.69 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैयद बेहरान आफताब, पुत्र सैयद अनवर अहमद आफताब, निवासी मकान नंबर 31, अस्तान बाला, जिला किश्तवाड़ और इश्तियाक अहमद, पुत्र नजीर अहमद, निवासी कराल पोरा डूल, जिला किश्तवाड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बरामद पदार्थ को जब्त कर लिया है।

 

पुलिस ने इस संबंध में पुलिस स्टेशन विजयपुर में FIR नंबर 144/2026 दर्ज की है। मामला NDPS Act की धाराओं 8/21/22/29 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े नशा नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित मादक पदार्थ कहां से हासिल किया गया था, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।