कांग्रेस स्थापना दिवस पर दून में आयोजन, गणेश गोदियाल ने फहराया पार्टी ध्वज
- Admin Admin
- Dec 28, 2025
देहरादून, 28 दिसंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी ध्वज फहराया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस के नेताओं ने वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तथा मिष्ठान वितरित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि 28 दिसम्बर 1885 का दिन भारतीय इतिहास में आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता के संघर्ष की प्रेरणा देने वाला दिन है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि ए.ओ. ह्यूम, एनी बेसेंट, बाल गंगाधर तिलक, गोपाल कृष्ण गोखले, रानाडे सहित अन्य नेताओं द्वारा स्थापित यह संगठन आगे चलकर देश की जनता को एक सूत्र में बांधने वाला आंदोलन बना और अंग्रेज़ी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व किया। कांग्रेस पार्टी का इतिहास बलिदान, त्याग और समर्पण का रहा है, जिसने देश की एकता, अखण्डता और सम्प्रभुता के लिए निरंतर संघर्ष किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय पर आधारित भारत के निर्माण के अपने लक्ष्य को अवश्य पूरा करेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महामंत्री राजेन्द्र शाह, निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार



