नंदा गौरा योजना की सूची 11 जिलों में तैयार, फरवरी में होगा भुगतान
- Admin Admin
- Jan 19, 2026
देहरादून, 19 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना और नंदा गौरा योजना के लाभार्थियों को फरवरी के प्रथम सप्ताह में धनराशि वितरित की जाएगी। अब तक प्रदेश के 11 जनपदों के लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को यहां सचिवालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक में बोल रही थीं। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इन जनपदों में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण 34,852 छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं चिन्हित की गई हैं। इन सभी लाभार्थियों को धनराशि प्रदान करने के लिए फरवरी के पहले सप्ताह में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंत्री ने शेष दो जनपदों के लाभार्थियों की सूची भी शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अब तक 504 पात्र महिलाओं की सूची फाइनल की जा चुकी है। इन्हें भी फरवरी के प्रथम सप्ताह में सहायता राशि वितरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, दो जनपदों की 331 पात्र महिलाओं की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अभी शेष है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि आंगनबाड़ी कल्याण कोष के माध्यम से सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 1 अप्रैल से एक लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि को आगामी वित्तीय वर्ष में और बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।
वृद्ध महिलाओं की राय से बनेगी नई योजना
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश की वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सीय एवं भावनात्मक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से एक नई योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का स्वरूप तय करने से पहले गांव-गांव जाकर वृद्ध महिलाओं का सर्वे किया जाए। जरूरतमंद महिलाओं की राय के आधार पर ही योजना का अंतिम प्रारूप तैयार किया जाएगा।
बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार,निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय



