साहू के बयान पर कांग्रेस का हमला, गोदियाल बोले– भाजपा की मानसिकता उजागर
- Admin Admin
- Jan 02, 2026
देहरादून, 02 जनवरी (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति और भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू के उस बयान की कड़ी निंदा की है जिसमें उन्होंने कहा था कि “बिहार में महिलाएं 20-25 हजार में मिल जाती हैं।”
गोदियाल ने कहा कि यह बयान केवल साहू का नहीं बल्कि भाजपा की महिलाओं के प्रति मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित उत्तराखंड में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाओं की संख्या अन्य हिमालयी राज्यों की तुलना में अधिक है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कई मामलों का जिक्र किया, जिनमें भाजपा नेताओं के संलिप्त होने के आरोप हैं, जैसे अंकिता भंडारी हत्याकांड, नाबालिगों से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से यह प्रतीत होता है कि सत्ता में रहने वाले कुछ नेताओं की नजर में महिलाओं की अस्मिता का मूल्य केवल 20-25 हजार रूपये है।
गोदियाल ने राज्य सरकार और महिला आयोग पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने साहू के बयान के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, जबकि उनके अनुसार यह महिला अत्याचार की गंभीर धाराओं में मामला बन सकता था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार



