यूनेस्को ने दीपावली को घोषित किया ‘विश्व अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर’, दिल्ली भाजपा में जश्न का माहौल

नई दिल्ली, 10 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली में चल रहे यूनेस्को के सेशन में बुधवार को भारतीय त्योहार दीपावली को विश्व धरोहर घोषित किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस घोषणा से पूरे सनातन समाज में खुशी की अनुभूति हो रही है। अब हर भारतीय सनातनी का फर्ज है कि दीपावली सदा एक जीवंत त्योहार के रूप में मने।

सचदेवा ने कहा कि दीप जगा कर हर ओर स्वच्छता के साथ रोशनी बिखेर कर लक्ष्मी पूजन का पर्व दीपावली एक ऐसा पर्व है जिसे कश्मीर से कन्या कुमारी तक पूरा देश एक साथ हर्षोल्लास के साथ मनाता है।

सचदेवा ने कहा कि दीपावली समाज में खुशियां बांटने का पर्व है, यह एक ऐसा दिन है जब हम अपने परिजनों एवं मित्रों के साथ ही कर्मियों और जरूरतमंदों को उपहार देकर खुशियां बांटते हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस उपलक्ष्य में जब भारत सरकार एवं दिल्ली सरकार सभी अपने कार्यालयों को आज सांयकाल सजा रहे हैं जगमगा रहे हैं। ऐसे में हमने दिल्ली भाजपा कार्यालय को भी आज सांय से दो दिन सजाने जगमगाने का निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी